नालियों के सीमेंट ढक्कन रोड पर पड़े, हादसे की आशंका
सिरोही 
माउंट आबू। चाचा म्यूजियम चौराहे से देलवाड़ा जाने वाले मार्ग पर कुछ दिन पूर्व नगर पालिका द्वारा नालियों की सफाई का कार्य किया गया था। जेसीबी मशीन की सहायता से नालियों के ऊपर रखे सीमेंट के ब्लॉक हटाकर सफाई की गई थी। लेकिन सफाई कार्य के बाद से सीमेंट के ढक्कन पुनः नालियों पर नहीं लगाए गए और वे अब भी सड़क पर ही पड़े हुए हैं। सड़क पर बेतरतीब ढंग से पड़े ये भारी सीमेंट ब्लॉक कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। विशेषकर रात्रि के समय वाहन चालकों को ये स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की संभावना और अधिक बढ़ जाती है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र ही इन सीमेंट ढक्कनों को पुनः नालियों पर व्यवस्थित रूप से लगाया जाए और सड़क को सुरक्षित बनाया जाए।
